
चतरा:मयूरहंड थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह मवेशियों से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर पंचमो जंगल के पास करीब चार बजे हुआ। दुर्घटना में 15 मवेशियों की मौत हो गई, जबकि 3 से 4 मवेशियों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक संख्या में मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पंचमो जंगल के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि वाहन में लदे कई मवेशी उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद पिकअप चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने वाहन में फंसे मवेशियों को बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस ने वाहन किया जब्त
घटना की सूचना मिलने के बाद मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस अब उसके मालिक और मवेशियों को ले जाने वालों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। चालक और उपचालक के फरार होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मवेशियों के पैर बांध कर वाहनों में ठूंस दिया गया था।
फिलहाल हादसे में मारे गए और घायल मवेशियों को लेकर स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर संभावित तस्करों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।





