
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनाव इस बार आपसी खींचतान और गुटबाजी के कारण चर्चा में है। चुनाव की प्राथमिक प्रक्रिया नामांकन के दौरान हुए विवाद के बाद चुनाव को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। शहर के व्यवसायियों के बीच भी इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
नामांकन के दौरान एक पक्ष के करीब 10 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र चुनाव पदाधिकारी की मेज से वापस ले जाने की घटना सामने आई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया। घटना के बाद संबंधित पक्ष की ओर से चुनाव प्रक्रिया में मनमानी और मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए थे। हालांकि, इन आरोपों पर अंतिम स्थिति चुनाव पदाधिकारियों की प्रक्रिया और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

चुनाव को लेकर पिछले एक सप्ताह से शहर में गहमागहमी बनी हुई थी। 11 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन को लेकर दोनों पक्षों में काफी सक्रियता देखी गई। एक ओर रवि प्रकाश के नेतृत्व में अशोक जायसवाल, वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, राकेश विश्वकर्मा, वीरेंद्र कुमार अग्रहरी, रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, मनोज कुमार उर्फ मंटू, अभय कुमार उर्फ मिंटू, नीरज जायसवाल, अभिषेक कुमार उर्फ मिक्कू एवं आनंद कुमार को प्रमुख चेहरों के रूप में बताया गया।
वहीं दूसरी ओर शंभूनाथ सौदागर के नेतृत्व में गोपाल जायसवाल, विकास कुमार शालू, उमेश चाहत, राजीव कुमार उर्फ राजू सेठ, प्रेम सोनी, विकास जायसवाल, चंद्र प्रकाश, राहुल जायसवाल उर्फ मिक्की, विनोद कांस्यकार एवं वार्ड पार्षद रंजन कुमार छोटू सहित अन्य व्यवसायियों के नाम सामने आए।

प्रत्याशियों को लेकर बढ़ती रही खींचतान
नामांकन से पहले दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ प्रत्याशियों को एकजुट करने में जुटे थे। प्रत्याशियों को लेकर दोनों पक्षों के बीच खींचतान बढ़ती गई। एक-दूसरे के संभावित प्रत्याशियों को अपने पक्ष में करने के प्रयास के बीच स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती गई और अंततः नामांकन के दौरान विवाद सामने आ गया।
चेंबर चुनाव को लेकर व्यवसायियों के बीच यह चर्चा भी है कि संगठन का चुनाव व्यवसायियों की समस्याओं, व्यापारिक सुरक्षा, बाजार के विकास और अन्य मुद्दों को लेकर होना चाहिए। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया के दौरान सामने आया विवाद व्यवसाय जगत में चर्चा का विषय बन गया है।
शहर की छवि को लेकर भी उठने लगे सवाल
श्री बंशीधर नगर अपनी सामाजिक एकजुटता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। ऐसे में चेंबर जैसे व्यवसायिक संगठन के चुनाव को लेकर सामने आई गुटबाजी और विवाद से शहर की छवि को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यवसायियों का एक वर्ग चाहता है कि विवाद का समाधान बातचीत और आपसी सहमति से निकाला जाए तथा चुनाव की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो।
अब सबकी नजर चुनाव पदाधिकारियों की अगली प्रक्रिया पर है। नामांकन पत्रों की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा कि चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ता है या विवाद के कारण इसमें कोई बदलाव होता है।







