
रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है। राज्य के 18 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि 12 जिलों में येलो अलर्ट है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जिन इलाकों में बादलों का तेजी से विकास होगा, वहां गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर खुले मैदान, खेतों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। गरज-चमक शुरू होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।
इन 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
12 जिलों में येलो अलर्ट
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा, पलामू, चतरा और गिरिडीह में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी मौसम के अचानक करवट लेने और तेज बारिश होने की संभावना है।
पूरे राज्य में वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल अलर्ट वाले 18 जिलों में ही मौसम संबंधी खतरा सीमित नहीं है। झारखंड के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली गिर सकती है। इस दौरान करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
28 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार 28 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक की स्थिति देखने को मिल सकती है।






