
रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। राज्य की महिलाओं के खातों में एक साथ सम्मान राशि भेजने की प्रस्तावित योजना फिलहाल आगे बढ़ती नहीं दिख रही है। सितंबर-अक्टूबर से हर महीने एक निर्धारित दिन को ‘मंईयां सम्मान दिवस’ के रूप में मनाते हुए पूरे राज्य की लाभुक महिलाओं के खातों में एक साथ राशि ट्रांसफर करने का विचार था, लेकिन फिलहाल इस व्यवस्था को लागू करना संभव नहीं माना जा रहा है।
ऐसे में योजना के तहत राशि भुगतान की मौजूदा प्रक्रिया ही जारी रहने की संभावना है। यानी अलग-अलग जिलों में प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि भेजी जाएगी। सरकार की ओर से योजना के मूल स्वरूप में किसी तरह के बदलाव की तैयारी नहीं है।
सरकार का मुख्य फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि योजना से जुड़ी महिलाओं को सम्मान राशि नियमित रूप से मिलती रहे। इसके लिए जिलों के स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया पहले की तरह संचालित की जाएगी। हालांकि, राज्यभर की लाभुक महिलाओं को एक ही दिन राशि उपलब्ध कराने की योजना फिलहाल टलती नजर आ रही है।





