
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): देवाधिदेव महादेव के सबसे प्रिय माह सावन कि अंतिम सोमवारी पर श्री बंशीधर नगर अनुमंडल मुख्यालय सहित आस-पास के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही शिव मंदिरों में जाकर शिवलिंग की पूजा अर्चना की। वहीं भगवान महादेव -पार्वती सहित अन्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना, जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया।

इस दौरान कई शिवालयों में रुद्राभिषेक पूजन भी किया गया। सभी शिव मंदिरों में पूजा पाठ व हर हर महादेव, जय महाकाल, जय भोलेनाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। ऐतिहासिक राजा पहाड़ी शिव मंदिर में श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे।

भीड़ को देखते हुए प्रबंधन समिति कि ओर से श्रद्धालुओं के लिए अर्घा लगाया गया था। जिससे श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक कर सके। सुबह 6:00 बजे से ही भक्तों का आने का सिलसिला जारी था, जो देर शाम तक चलता रहा। मंदिर में युवाओं, युवतियों व महिलाओं की भीड़ से पूरा परिसर भरा हुआ था। भक्त, भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक करने के बाद मंदिर के ठीक नीचे गुफा में विराजी मां वैष्णो देवी का भी दर्शन पूजन कर रहे थे। वही मंदिर से दूसरे छोटी पर विराजमान माता पार्वती का भी दर्शन किया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रिय गंगाजल, बेलपत्र, दूध, दही,भांग, धतूरा आदि पूजन सामग्री चढ़कर अभिषेक किया तथा घर परिवार की सुख शांति की पूर्ति के लिए आशीर्वाद मांगा एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
श्रद्धा और आस्था का केंद्र है राजा पहाड़ी
राजा पहाड़ी शिव मंदिर के मुख्य पुजारी रामचंद्र पाठक व उनके पुत्र गोविंद पाठक ने बताया कि अंतिम सोमवारी भक्तों के लिए विशेष फलदायक होती है। इस दिन श्रद्धालु द्वारा पूरे माह किए गए व्रत और पूजा का पुण्य फल प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि भगवान राम ने सबसे पहले भगवान शिव पर बेलपत्र अर्पित किया था। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। भगवान शिव पर बेलपत्र चढ़ाने से दैविक, दैहिक और भौतिक संतापों से मुक्ति मिलती है।
श्रद्धालुओं का ऐसा मानना है कि आस्था और विश्वास का केंद्र राजा पहाड़ी शिव मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है। बाबा के दर पर आने वाला भक्त कभी खाली हाथ नहीं लौटता। बाबा सब की मनोकामना पूरी करते हैं। पूरे सावन माह में यहां श्रद्धालुओं का ताता लगा रहता है। इसी आस्था और विश्वास के साथ प्रत्येक सावन माह में लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक करते हैं।
परिसर में लगा मेला
राजा पहाड़ी मंदिर परिसर में सावन सोमवारी के मौके पर मेला भी लगा था। छोटे-छोटे बच्चों ने झूले और लजीज व्यंजनों का आनंद लिया। मेला क्षेत्र में भी सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया।
प्रशासन रहा सतर्क, व्यवस्था रही अनुशासित
श्रावण की भीड़ को लेकर नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने खुद मोर्चा संभालते हुए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई। महिला-पुरुष पुलिस बल के जवानों को हर महत्वपूर्ण स्थान पर तैनात किया गया था। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग कर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग लाइन लगवाई गई थी, जिससे भीड़ के बावजूद कोई अव्यवस्था या भगदड़ की स्थिति नहीं बनी। पूरे आयोजन के दौरान भारी भीड़ के बावजूद किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं घटी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की सफलता सिद्ध हुई। पुलिस बल ने पूरे परिसर में मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई और हर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी। उपेंद्र कुमार की नेतृत्व क्षमता और त्वरित व्यवस्था की व्यापक सराहना हो रही है।
इन शिवालयों में लगी भक्तों की भीड़
राजा पहाड़ी शिव मंदिर के अलावे श्री पंचमुखी महादेव मंदिर चचेरिया, श्री बंशीधर मंदिर स्थित शिव मंदिर, भवनाथपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर, आशुतोष महादेव मंदिर पाल्हे कला, गायत्री शक्तिपीठ जंगीपुर, शिव मंदिर वन परिसर, शिव मंदिर हेन्हों मोड, शिव मंदिर ब्लॉक मोड, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर जतपुरा सहित अन्य शिव मंदिरों में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि ‘राजा पहाड़ी शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या हर साल बढ़ती जा रही है। इस बार की अंतिम सोमवारी पर ऐतिहासिक भीड़ रही। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर हमने टीम के साथ मिलकर विस्तृत रणनीति बनाई थी, जिसे जमीन पर पूरी सफलता के साथ उतारा गया। श्रद्धा और व्यवस्था का यह संतुलन जनता और पुलिस के सहयोग से ही संभव हो पाया। हम सभी शिवभक्तों के संयम और प्रशासनिक टीम के समर्पण को धन्यवाद देते हैं।’
मंदिर समिति ने प्रशासन का जताया आभार
राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति ने पुलिस प्रशासन विशेषकर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के प्रति आभार जताया, जिन्होंने अपने नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को न केवल मजबूत बनाया, बल्कि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन का वातावरण भी सुनिश्चित किया। समिति सचिव नंदलाल प्रसाद ने कहा कि थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार की सक्रियता, संवेदनशीलता और कुशल प्रबंधन के कारण ही इतनी भारी भीड़ भी शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित रही, जो सराहना के योग्य है।






