
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस को सौंपा सीसीटीवी फुटेज
जमशेदपुर: लौहनगरी के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मारपीट मामले में पुलिसिया कार्रवाई के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। क्रॉस रोड नंबर 8 निवासी दिव्यांग बुजुर्ग हरदेव सिंह और उनके परिवार को फरार आरोपियों द्वारा सरेराह जान से मारने की धमकी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने मामले को लेकर सिदगोड़ा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे परिवार के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?जानकारी के अनुसार, सिदगोड़ा निवासी दिव्यांग हरदेव सिंह (पिता सरदार जरनैल सिंह) के साथ 19 अगस्त 2026 को गंभीर मारपीट की गई थी। इस संदर्भ में सिदगोड़ा थाने में कांड संख्या (FIR No.) 118/26 दर्ज कराई गई थी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 29 सितंबर 2026 को दो नामजद आरोपियों सुरेंद्र सिंह और किरपाल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
गिरफ्तारी से बौखलाए फरार आरोपी
आरोप है कि अपने परिजनों की गिरफ्तारी से बौखलाए शेष आरोपी मंजीत सिंह और समरजीत सिंह ने 30 सितंबर की सुबह लगभग 11:00 बजे पीड़ित के एक परिचित को रास्ते में रोक लिया। उन्होंने खुलेआम धमकी देते हुए कहा, “अपने दोस्त हरदेव सिंह और उसके दोनों बेटों जगविंदर सिंह व परविंदर सिंह को बोल देना कि जल्द ही उन सभी को जान से मार देंगे।”
CCTV फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग सबूत के तौर पर मौजूद
पीड़ित हरदेव सिंह ने थाने में दी गई शिकायत में साफ किया है कि इस पूरी धमकी का पुख्ता साक्ष्य उनके पास मौजूद है। घटना की सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी गई है, जिसे जांच अधिकारी को सौंपा जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि वे खुद दिव्यांग हैं और इस खुली धमकी के बाद उनका पूरा परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
धाराएं बढ़ाकर त्वरित गिरफ्तारी की मांग
दिव्यांग बुजुर्ग ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्ज प्राथमिकी में जान से मारने की धमकी की सुसंगत धाराएं जोड़ी जाएं और खुलेआम घूम रहे आरोपी मंजीत सिंह व समरजीत सिंह को अविलंब गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि परिवार की जान-माल की रक्षा हो सके।





