{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-22 स्थित सरकारी क्वार्टर में चंडीगढ़ पुलिस के 42 वर्षीय हेड कॉन्स्टेबल नितिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, पुलिसकर्मी के सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि नितिन और अरमान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
शुक्रवार सुबह हुई इस वारदात के वक्त घर में नितिन की पत्नी मोनिका और उनका 19 वर्षीय बेटा अरमान भी मौजूद थे। मोनिका भी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात हैं। मामले में पुलिस ने अरमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसके बयानों में कई विरोधाभास सामने आए थे।
पुलिस को घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस हत्या की परिस्थितियों और वारदात में हथियार की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस को बेटे के बयान पर क्यों हुआ संदेह?
शुरुआती पूछताछ में अरमान ने पुलिस को बताया कि किसी व्यक्ति ने उसके पिता नितिन को गोली मारी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। हालांकि, घटना को लेकर दोबारा पूछताछ किए जाने पर उसके बयान में बदलाव और विरोधाभास सामने आए।
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान अरमान ने कथित तौर पर शोर भी नहीं मचाया। उसके बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के बीच भी पुलिस को कुछ ऐसे बिंदु मिले, जिनकी जांच जरूरी समझी गई। इसके बाद पुलिस ने अरमान को गिरफ्तार कर लिया।
घर में पहले से चल रहा था विवाद!
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नितिन के घर में पिछले कुछ दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। एक पड़ोसी ने बताया कि शुक्रवार सुबह भी क्वार्टर से झगड़े और शोर की आवाजें सुनाई दे रही थीं। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
पुलिस अब पड़ोसियों के बयान, परिवार के सदस्यों से पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस हेडक्वार्टर की अकाउंट ब्रांच में तैनात थे नितिन
मृतक हेड कॉन्स्टेबल नितिन चंडीगढ़ पुलिस के पुलिस हेडक्वार्टर सेक्टर-9 की अकाउंट ब्रांच में तैनात थे। उनकी हत्या के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
बेटे का पुराना आपराधिक मामला भी जांच के दायरे में
पुलिस अरमान के पुराने मामले को भी मौजूदा घटना से जोड़कर जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 25 फरवरी की रात कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर अरमान ने अपनी थार से बाइक सवार दो शिक्षकों को कथित तौर पर टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे के बाद अरमान मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने थार के नंबर के आधार पर उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया था। इस मामले में वह जेल भी गया था और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पुराने सड़क हादसे के मामले और शुक्रवार को हुई हेड कॉन्स्टेबल नितिन की हत्या के बीच कोई संभावित संबंध है या नहीं। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
फिलहाल पुलिस अरमान से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, बरामद देसी कट्टे तथा परिवार और आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





