
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची से संबद्ध श्री बंशीधर नगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026 से 28 के लिए होने वाले चुनाव को लेकर शहर में सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी सात अक्टूबर को होने वाले चुनाव में कार्यकारिणी के 11 सदस्यों का चुनाव किया जाना है। चुनाव मैदान में दो प्रमुख टीमों के सक्रिय होने से मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। ऐसे में व्यवसाईयों के बीच अपना दबदबा रखने वाले वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष शंभूनाथ सौदागर के सामने अपनी टीम को मजबूत करने के साथ-साथ चैंबर में अपनी कुर्सी बढ़ाने की बहुत बड़ी चुनौती है।
चुनाव को लेकर दोनों गुटों की ओर से व्यवसायियों से संपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। शहर के प्रमुख व्यवसायियों से मुलाकात कर अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश की जा रही है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में व्यवसायियों द्वारा चुनाव में रुचि दिखाए जाने से मुकाबले की तस्वीर भी काफी हद तक स्पष्ट होने लगी है।
दोनों टीमों ने झोंकी ताकत
चैंबर चुनाव में इस बार दो प्रमुख टीमों के बीच मुकाबला होने की संभावना है। एक ओर वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष शंभूनाथ सौदागर से जुड़े व्यवसायी अपनी टीम को मजबूत बनाने में जुटे हैं, वहीं दूसरे गुट शहर के प्रमुख व्यवसाय रवि प्रकाश, अशोक जायसवाल एवं वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी समेत कई प्रमुख व्यवसायियों को एकजुट कर अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। दूसरे गुट में शामिल व्यवसायियों की सक्रियता से चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है।
दोनों पक्ष अपने-अपने एजेंडे और चैंबर के हित में किए जाने वाले कार्यों को लेकर व्यवसायियों के बीच पहुंच बना रहे हैं। बाजार क्षेत्र में भी चुनाव को लेकर चर्चा तेज है। चैंबर के सदस्य यह जानने में रुचि ले रहे हैं कि नई कार्यकारिणी में कौन-कौन से चेहरे शामिल होंगे और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर आगे किस तरह काम किया जाएगा।
चैंबर चुनाव में 11 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होना है। इसके बाद निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों के बीच से अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य पदों के चयन की प्रक्रिया होगी। यही वजह है कि कार्यकारिणी चुनाव को लेकर दोनों पक्ष पूरी ताकत लगा रहे हैं। कार्यकारिणी में अधिक से अधिक समर्थकों को पहुंचाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
शंभूनाथ सौदागर के लिए यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में चैंबर की गतिविधियों में उनकी भूमिका रही है। अब चुनाव में अपनी टीम के उम्मीदवारों को जीत दिलाना उनके लिए महत्वपूर्ण चुनौती होगी। वहीं, दूसरे गुट के व्यवसायी भी कार्यकारिणी में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लगातार संपर्क में जुटे हैं।







