
खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और कथित तौर पर कुत्तों की नसबंदी में अनियमितताओं को लेकर बुधवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर एक युवक को कुत्ते का मुखौटा पहनाकर कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। डॉगी बनकर पहुंचे इस शख्स ने नगर निगम पर सवाल उठाते हुए कहा कि नसबंदी के बाद भी वह 6 बच्चों का पिता बन गया। इसके बाद उसने अधिकारियों को शिकायत का ज्ञापन भी सौंपा है।
इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद लोग मुखौटा पहने युवक को देखने के लिए इकट्ठा हो गए। बाद में प्रदर्शन से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सामने आए, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
राठौर ने आरोप लगाया कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कुत्तों के काटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से नसबंदी अभियान के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद समस्या कम नहीं हुई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
राठौर ने नगर निगम पर आवारा कुत्तों की नसबंदी के नाम पर कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने निगम के कोष से खर्च की गई राशि और नसबंदी अभियान की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की। राठौर के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में खंडवा में करीब 13,400 लोगों को कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आई हैं।
उन्होंने दावा किया कि इसी अवधि में आवारा कुत्तों की नसबंदी के नाम पर 40 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद शहर में आवारा कुत्तों की समस्या कम होने के बजाय बढ़ती दिखाई दे रही है। हर माह 300 लोगों को कुत्ते काट रहे हैं।
राठौर ने अपने प्रदर्शन को प्रतीकात्मक बताते हुए एक कुत्ते का उदाहरण भी सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि एक ‘कुत्ते’ की नसबंदी किए जाने की बात कही गई, वह बाद में छह पिल्लों का पिता बन गया। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में नसबंदी की गई थी तो ऐसे मामलों की जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि कागजों पर नसबंदी दिखाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग तो नहीं किया गया, इसकी भी पड़ताल जरूरी है।
राठौर ने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच की मांग की। अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर जांच कराने और उचित कार्रवाई के लिए समिति गठित करने का भरोसा दिलाया है।
कुत्ते का मुखौटा पहने युवक के साथ राठौर जब जनसुनवाई स्थल पर पहुंचे तो गेट पर तैनात एक पुलिस अधिकारी ने शुरुआत में उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ देर तक बहस की स्थिति बनी। हालांकि, जनसुनवाई हॉल के अंदर मौजूद अधिकारियों ने पुलिस को उन्हें अंदर आने देने का निर्देश दिया। इसके बाद राठौर अपने साथ आए युवक को लेकर अधिकारियों के सामने पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।





