
पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ के बेढ़ना गांव में 30 अगस्त को शराब पीने के बाद चार युवकों की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर मामला जहरीली शराब से मौत का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में इसे कथित तौर पर सुनियोजित हत्या का मामला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, शराब में पहले से जहरीला पदार्थ मिलाकर चारों युवकों को पिलाया गया था।
मंगलवार, 1 सितंबर को पटना ग्रामीण पुलिस ने मामले की जांच के बाद प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश को वारदात की मुख्य वजह बताया। पुलिस ने इस मामले में कथित मुख्य साजिशकर्ता लाली कुमार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
दरअसल, 30 अगस्त को बेढ़ना गांव में एक घर में नॉनवेज और शराब की पार्टी हुई थी। इसी दौरान शराब पीने के बाद निशू राज, शशि, विकास और पंकज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चारों के मुंह से झाग निकलने लगा और वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। शुरुआत में आशंका जताई गई कि जहरीली शराब पीने के कारण युवकों की मौत हुई है। हालांकि डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में पेय पदार्थ में जहरीले तत्व की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
चार युवकों की एक साथ मौत के बाद पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। जांच में कई थानों की पुलिस के साथ जिला सूचना इकाई (DIU) की टीम को भी लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मृतकों और संदिग्धों के बीच संबंधों की भी पड़ताल की। इसी दौरान जांच का रुख कथित जहरीली शराब से हटकर साजिशन जहर देने की ओर गया।
पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के मुताबिक, मृतकों में शामिल नीशू कुमार का मुख्य आरोपी लाली कुमार की बहन के साथ पिछले करीब दो से ढाई साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस का दावा है कि इसी रिश्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद था।
पुलिस के अनुसार, नीशू और उसके दोस्त लाली को उसके बहन के साथ संबंध को लेकर कथित तौर पर चिढ़ाते भी थे। इसी बात को लेकर लाली के मन में रंजिश बढ़ती गई। पुलिस अब इसी रंजिश को चारों युवकों की हत्या की कथित साजिश से जोड़कर जांच कर रही है।
ग्रामीण एसपी के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस के मुताबिक, लाली ने बताया कि उसने ही चारों युवकों को शराब पीने के लिए बुलाया था।
आरोप है कि शराब में पहले से बाजार से खरीदा गया जहरीला पदार्थ मिला दिया गया था। इसके बाद चारों युवकों को वही शराब पिलाई गई। शराब पीने के कुछ समय बाद सभी की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने लाली कुमार के अलावा रुदल कुमार नामक सब्जी विक्रेता को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रुदल पर कथित तौर पर जहर की व्यवस्था करने में शामिल होने का आरोप है। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीला पदार्थ कहां से खरीदा गया, किसके कहने पर उसकी व्यवस्था की गई और वारदात को अंजाम देने की पूरी योजना कैसे तैयार हुई।
जांच के शुरुआती चरण में पुलिस को यह भी शक था कि चारों युवकों की मौत का संबंध किसी पुराने मुकदमे में गवाही देने से हो सकता है। इसी एंगल पर भी पुलिस ने पड़ताल की थी। हालांकि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की ओर से प्रेम-प्रसंग और उससे जुड़ी पुरानी रंजिश को वारदात की वजह बताए जाने के बाद जांच का फोकस बदल गया।







