---Advertisement---

रामगढ़ में अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 17 से ज्यादा राउंड चली गोलियां; इलाके में दहशत

On: February 12, 2026 9:58 AM
---Advertisement---

रामगढ़: जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार बदमाशों ने सरैया टोला निवासी कोयला कारोबारी गजानन प्रसाद और सेल संचालक नीतीश कुमार के घरों को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के सन्नाटे को चीरती गोलियों की आवाज से लोग सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों के अंदर दुबक गए। बताया जा रहा है कि अपराधी सियाल सौंदा बस्ती की ओर से बाइक पर सवार होकर आए थे। वे सीधे गजानन प्रसाद के घर के समीप पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे नीतीश कुमार के आवास की ओर बढ़े और वहां भी गोलियां चलाईं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों ने छोटे और बड़े दोनों तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया। गजानन प्रसाद के घर के पास लगभग 8 से 9 राउंड फायरिंग की गई, जबकि नीतीश कुमार के घर के पास भी करीब उतने ही राउंड दागे गए। इसके अलावा सोनदा बस्ती के मुख्य चौक और एक दुकान के पास भी फायरिंग की सूचना है।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इलाके के लोग पूरी तरह से भयभीत हैं। रातभर लोग दहशत में रहे। सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो सड़क पर गोलियों के कई खोखे बिखरे मिले। वारदात के तरीके को देखते हुए इसे सुनियोजित हमला माना जा रहा है।

घटना की पूरी तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कई खाली खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित संदिग्धों की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

मौके पर एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार और सशस्त्र बल के जवान भी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें