---Advertisement---

सरकारी हाॅस्टल में रह रही 13 साल की छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, मचा हड़कंप

On: February 2, 2026 5:09 PM
---Advertisement---

बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक बेहद चौंकाने और गंभीर मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा विभाग और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बैहर विकास खंड के परसमऊ गांव में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने जिला अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। इस घटना के सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।


घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजनों ने महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ कि नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाला युवक उसी के गांव का निवासी है।


पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक की पहचान गढ़ी थाना क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3) के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) और 5(j)(ii)/6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अप्रैल 2025 में नाबालिग छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया था। इस घटना के बाद छात्रा गर्भवती हो गई, जिसकी जानकारी लंबे समय तक सामने नहीं आ सकी। हाल ही में तब मामला उजागर हुआ जब छात्रा ने जिला चिकित्सालय में एक बच्ची को जन्म दिया।


प्रशासन की कार्रवाई, छात्रावास अधीक्षिका निलंबित


मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की अधीक्षिका को गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी अधीक्षिका की होती है, ऐसे में यह बड़ी चूक मानी जा रही है।


शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल


इस पूरे मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही नाबालिग छात्रा के साथ इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई और इसकी भनक समय रहते किसी को क्यों नहीं लगी।


अभिभावक अपने बच्चों को बड़े विश्वास और भरोसे के साथ सरकारी छात्रावासों में भेजते हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिल सके। लेकिन इस घटना ने उस भरोसे को गहरा झटका दिया है।


पुलिस कर रही गहन जांच


फिलहाल महिला थाना पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर जरूरी कानूनी कदम उठाया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now