बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दक्षिणी इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के बाद सुरक्षा बलों ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और सशस्त्र नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिला था कि दक्षिण बस्तर क्षेत्र में माओवादी सक्रिय हैं। इसी सूचना के आधार पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। अभियान के दौरान सुबह करीब 7 बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में डीआरजी जवानों ने मोर्चा संभाला।
काफी देर तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके पर नियंत्रण हासिल किया। सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही एक AK-47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है और उनके संगठनात्मक नेटवर्क को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इलाके में अभी और नक्सली छिपे हो सकते हैं।
फिलहाल सुरक्षाबलों द्वारा आसपास के जंगलों और संवेदनशील इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।














