लातेहार: नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में लागू आदर्श आचार संहिता के तहत प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के करकट इलाके में तैनात स्टैटिक सर्विलांस टीम (SST) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नियमित वाहन जांच के दौरान टीम ने एक कार से 40 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, SST की टीम करकट इलाके में वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। जांच के दौरान गाड़ी में रखे एक बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। जब वाहन में सवार लोगों से इस रकम के स्रोत और गंतव्य के संबंध में पूछताछ की गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए टीम ने पूरी नकद राशि को तत्काल जब्त कर लिया। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही आयकर विभाग समेत अन्य संबंधित एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।
प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि कहीं इस नकदी का संबंध चुनावी गतिविधियों से तो नहीं है। अधिकारियों ने साफ किया है कि आचार संहिता के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध लेन-देन या चुनाव प्रभावित करने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वाहन सवारों से गहन पूछताछ कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।














