---Advertisement---

खूंटी में PLFI के 6 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और लेवी वसूली के दस्तावेज बरामद

On: March 14, 2026 9:53 PM
---Advertisement---

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस को उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) से जुड़े छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए उग्रवादियों के पास से हथियार, गोलियां, मोबाइल फोन और लेवी वसूली से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय भोक्ता, धीरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम, शुभम कुमार पोद्दार, निमिष गोप उर्फ हनी और राम अयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने शनिवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र में तजना नदी के पास कुछ संदिग्ध लोग इकट्ठा हुए हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने तजना नदी के समीप नहर किनारे छापेमारी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने अन्य साथियों के रांची की ओर भागने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कालामाटी टुंगरी के पास एक कार का पीछा कर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 22 राउंड गोलियां, कई एंड्रॉयड मोबाइल फोन, अलग-अलग नामों से खरीदे गए मोबाइल फोन की रसीदें, संगठन के पर्चे और लेवी वसूली का हिसाब-किताब लिखी नोटबुक बरामद की है। इसके अलावा व्यवसायियों और ठेकेदारों के नाम, पते व मोबाइल नंबर की सूची, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड तथा जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इलाके के व्यवसायियों और ठेकेदारों की जानकारी जुटाकर जेल में बंद पीएलएफआई के सदस्यों तक पहुंचाते थे। इसके बाद मोबाइल ऐप की मदद से वर्चुअल नंबर बनाकर व्यवसायियों को फोन और व्हाट्सएप संदेश भेजकर लेवी की मांग की जाती थी।
यदि कोई लेवी देने से इनकार करता था तो संगठन के सक्रिय सदस्यों के जरिए फायरिंग कर दहशत फैलाने और धमकी भरे पर्चे जारी किए जाते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने कई आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें 2 दिसंबर 2025 को पिपराटोली चौक स्थित शराब दुकान पर बम फेंकने, 9 दिसंबर 2025 को तोरपा के डोडमा क्रशर प्लांट में फायरिंग करने, 24 दिसंबर 2025 को डुगडुगिया क्रशर प्लांट में गोलीबारी कर लेवी मांगने और 23 फरवरी 2026 को शराब व्यवसायी यश कुमार साहू को फोन कर धमकी देने की घटनाएं शामिल हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now