कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां चोरों ने पूरी योजना के साथ 40 साल पुराने लोहे के पुल को ही गायब कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी वारदात के दौरान किसी को कानों-कान भनक तक नहीं लगी।
यह मामला कोरबा के ढोढ़ीपारा इलाके का है, जहां रशियन हॉस्टल के पास नहर पर बना लोहे का पुल रातों-रात गायब हो गया। सोमवार की रात करीब 11 बजे तक पुल पूरी तरह सुरक्षित था और वार्ड नंबर 17 के लोग इसी पुल से होकर घर लौटे थे, लेकिन सुबह होते ही पुल की 15 टन लोहे की रेलिंग गायब मिली।

गैस कटर से पूरी रात चला ‘ऑपरेशन पुल चोरी’
जानकारी के मुताबिक, चोरी की इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के लिए करीब 15 चोर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे। आरोपी अपने साथ गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और एलपीजी सिलेंडर लेकर आए थे।
पूरी रात चोरों ने पुल की लंबी लोहे की रेलिंग को हिस्सों में काटा, फिर उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर एक वाहन में भरकर ले गए।
कुछ कटे हुए लोहे के टुकड़े नहर में गिरने के निशान भी मिले हैं, जिससे साफ है कि चोरी बेहद सुनियोजित तरीके से की गई।
60 फीट लंबा पुल, सुबह हुआ ‘गायब’
बताया जा रहा है कि यह पुल करीब 60 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा था, जबकि नहर किनारे लोगों की सुरक्षा के लिए लगाई गई करीब 70 फीट लंबी लोहे की रेलिंग भी चोरी कर ली गई।
सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे तो पुल गायब देखकर सन्न रह गए। इसके बाद तुरंत वार्ड पार्षद को सूचना दी गई।
वार्ड 17 का शहर से संपर्क टूटा
इस पुल के चोरी हो जाने से नगर निगम के वार्ड नंबर 17 के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यह पुल उनके लिए शहर आने-जाने का मुख्य रास्ता था। पुल गायब होने के बाद से इलाके के लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
पार्षद की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
वार्ड नंबर 17, ढोढ़ीपारा के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने बताया कि नहर किनारे लोगों की आवाजाही के लिए लगाई गई लोहे की रेलिंग रातों-रात गायब हो गई। सुबह मौके पर पहुंचने पर चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
कबाड़ माफिया बरबट्टी गैंग का हाथ, 5 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पार्षद की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि इस चोरी के पीछे कबाड़ माफिया मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी और उसके गिरोह का हाथ है।
पुलिस ने कुल 15 आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गैस कटर से पुल और रेलिंग काटकर चोरी करने की बात कबूल कर ली है। उनके कब्जे से कटी हुई लोहे की रेलिंग भी बरामद की गई है।
पुलिस जांच जारी, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। रातभर गैस कटर से पुल काटा जाता रहा, लेकिन किसी चौकी या गश्त को भनक तक नहीं लगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।














