धनबाद

धनबाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, प्रिंस खान गिरोह के 12 अपराधी गिरफ्तार; हथियार, बम और नगदी बरामद

ख़बर को शेयर करें

धनबाद: धनबाद पुलिस को संगठित अपराध पर करारा प्रहार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के 12 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से देशी पिस्टल, कट्टा, जिंदा गोली, बम, नकदी और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि प्रिंस खान और उसका सहयोगी सैफी उर्फ मेजर धनबाद के कई व्यवसायियों से लगातार रंगदारी वसूलने और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से एक विशेष अभियान चलाया था, जिसका उद्देश्य गिरोह के आर्थिक नेटवर्क, शूटर गैंग और हथियारों की खरीद-बिक्री चैनल को ध्वस्त करना था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य भारी हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही राजगंज थाना क्षेत्र में विशेष टीम ने छापेमारी की और कई अपराधियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने 9 सितंबर को राजगंज के एक पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए।

बाद में अपराधियों के बयान के आधार पर बैंकमोड़ थाना क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियार, बम और अन्य विस्फोटक सामग्री भी पुलिस ने जब्त की। वहीं गिरोह के अवैध पैसों के लेन-देन से जुड़े सात और लोगों को कतरास थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला है कि ये लोग रंगदारी से वसूले गए पैसे को अलग-अलग खातों के जरिए गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज तांडी, आशीष कुमार सिंह, तौकिर राजा, अफरिदी राजा, लक्की विशाल, पवन कुमार सिंह, रितिक विश्वकर्मा, अमन कुमार गुप्ता, विक्रम साव, आकाश वर्णवाल, तौकिल अंसारी और अभिषेक पांडे शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 31,970 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, सात स्मार्टफोन, कई देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस अब गिरोह के शेष सदस्यों और आर्थिक तंत्र की पहचान में जुटी है। जल्द ही इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।