नासिक: महाराष्ट्र के नासिक रेलवे स्टेशन से दिवाली और छठ के पर्व के ठीक पहले एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। मुंबई से बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन यात्री हादसे का शिकार हो गए। इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा त्योहारों के मौसम की जल्दबाजी का नतीजा बताया जा रहा है। इन दिनों दिवाली और छठ पूजा के लिए बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए तीनों यात्री बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो अपने घर त्योहार मनाने के लिए लौट रहे थे।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस नासिक स्टेशन पर नहीं रुकती। हालांकि, स्टेशन से गुजरते वक्त ट्रेन की गति धीमी थी। इसी दौरान तीन यात्रियों ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ जाने के कारण वे ट्रेन की चपेट में आ गए। दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और सीमित स्टॉपेज के चलते इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रेलवे प्रशासन ने इस हादसे के बाद यात्रियों से सुरक्षा को लेकर सख्त अपील की है। रेलवे ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करे, क्योंकि एक पल की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
नासिक: दिवाली-छठ पर घर जाने वालों की उमड़ी भीड़, ट्रेन से कटकर 2 की मौत; एक गंभीर













