धनबाद: जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना टुंडी के हटिया रोड स्थित राजबाड़ी के पास की है। दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई थे और खेलते-खेलते तालाब में जा गिरे।
मृतकों में एक का नाम सिद्धार्थ भारती (2 वर्ष) बताया गया है, जो रामचरण भारती का बेटा था। दूसरा बच्चा राजवीर (ढाई वर्ष) था, जो शंभू शरण भारती का पुत्र था। दोनों पिता सगे भाई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर के समय दोनों बच्चे घर से खेलने निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजन जब उन्हें खोजने निकले तो किसी ने बताया कि तालाब में एक बच्चे का शव तैरता हुआ दिखा है। सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और टुंडी सीओ सुरेश प्रसाद बर्नवाल भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे बॉल से खेल रहे थे। खेल के दौरान बॉल तालाब में जा गिरी, जिसे निकालने के प्रयास में दोनों मासूम पानी में उतर गए और डूब गए।
जैसे ही बच्चों के शव घर पहुंचे, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव में मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया है।














