Jharkhand Weather: चक्रवाती तूफान मोंथा का असर झारखंड में तेज़ी से दिख रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य में 1 नवंबर तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 2 नवंबर से मौसम में सुधार की संभावना जताई जा रही है। मौसम साफ होने के बाद ठंड में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है। पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है, जिसमें सर्वाधिक 75 एमएम बारिश सोनुआ में दर्ज की गई।
1 नवंबर की स्थिति
• सुबह के समय कोहरा या धुंध छा सकता है
• पूर्वी इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना
• बाकी हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क
बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड
• मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 2 नवंबर के बाद जैसे ही आसमान साफ होगा, तापमान तेजी से नीचे जाएगा।
• रांची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 15°C तक पहुंच सकता है।
• हिमालय में बर्फबारी बढ़ी तो नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड और तीखी हो सकती है।
• दिसंबर में कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार
किसानों की चिंता बढ़ी
मंगलवार दोपहर से रांची समेत पूरे राज्य में लगातार बारिश हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ किसानों की चिंता बढ़ गई है। विशेषकर धान की फसल को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
तापमान और बारिश का रिकॉर्ड
बीते 24 घंटे में लगभग सभी जगह हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज हुई, जबकि दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई।
अधिकतम तापमान: 32.3°C (पाकुड़)
न्यूनतम तापमान: 19.6°C (लातेहार)
राज्य में बारिश ने एक ओर जहां ठंड की दस्तक तेज़ कर दी है, वहीं दूसरी ओर किसानों और आम लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा।
मोंथा तूफान का असर: झारखंड के कई जिलों में बारिश का अलर्ट, 2 नवंबर से बढ़ जाएगी ठंड











