---Advertisement---

खूंटी: रनिया थानेदार पर नशेड़ियों ने किया हमला,सिर में गंभीर चोट

On: November 3, 2025 8:46 AM
---Advertisement---

खूंटी: अति नक्सल प्रभावित रनिया थाना के थानेदार विकास कुमार जायसवाल पर नशेड़ियों ने हमला कर दिया। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम लोआगढ़ा बाजार स्थित “डाइर मेला” दलबल के साथ निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।इसी दौरान मेले में कुछ युवक नशे में धुत होकर आपस में झगड़ा कर रहे थे। स्थिति को बिगड़ता देख थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। मगर स्थिति अचानक बिगड़ गई। नशे में धुत युवकों ने थाना प्रभारी पर ही हमला बोल दिया। इस दौरान थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर पर चोटें आईं। घाव गहरा होने के कारण उन्हें टांके भी लगाने पड़े।
हमले के दौरान साथ मौजूद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए थाना प्रभारी को भीड़ से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रनिया अस्पताल पहुंचे सीओ सह बीडीओ प्रशांत डांग ने स्थिति का जायजा लिया। बाद में खूंटी के एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, प्रशासनिक अनुमति लिए बिना डाइर मेला का आयोजन किया गया था। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण और देसी शराब की दुकानें भी लगी थीं, जिसकी वजह से कई युवक नशे में हंगामा कर रहे थे। बीडीओ प्रशांत डांग ने बताया कि मेले के आयोजकों द्वारा देर शाम आवेदन दिया गया था, लेकिन उसकी भी जांच की जा रही है।

तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि हमले में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून के खिलाफ कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

“थाना प्रभारी जब नशे में झगड़ा कर रहे युवकों को शांत कराने पहुंचे, तभी उन्हीं युवकों ने उन पर हमला कर दिया। मेले में देसी शराब की भरमार थी और इसी वजह से असामाजिक गतिविधियां फैलीं।”

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती को उजागर करती है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही से उपजे हालातों की गंभीरता पर भी सवाल खड़े करती है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें