गढ़वा: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे राज्य में आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गढ़वा में भी कई आयोजन प्रस्तावित हैं। इन्हीं कार्यक्रमों के क्रम में 11 नवम्बर को “रन फॉर झारखंड” सामूहिक दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त श्री दिनेश कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई और विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम को उत्साह और भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।

एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि यह सामूहिक दौड़ सुबह 7:00 बजे जिला समाहरणालय स्थित भगवान बिरसा मुंडा पार्क से प्रारंभ होकर नगर भवन परिसर स्थित शहीद नीलाम्बर–पीताम्बर पार्क तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी कैडेटों तथा सामाजिक संगठनों से भी स्वैच्छिक भागीदारी की अपील की गई है।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, अंचल अधिकारी शफी आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैशर रज़ा, प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीव मंडल, कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, थाना प्रभारी सुनील तिवारी, नगर प्रबंधक ओंकार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बताया गया कि 12 नवम्बर को खेलकूद, भाषण एवं विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन होगा, 13 नवम्बर को साइकिल रैली तथा 14 नवम्बर को पेंटिंग एवं अन्य प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। वहीं 15 नवम्बर को जिले का मुख्य स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।














