शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार चचेरे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के पास हुआ। तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कैंटर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
मृतकों में से 3 अपने-अपने परिवार में इकलौते थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चकनाचूर हो गई। टुकड़े सड़क पर 100 मीटर तक बिखर गए। छत गायब हो गई। कार चला रहे युवक के सीने में स्टेयरिंग घुस गई। चारों भाई कार में बुरी तरह से फंस गए। पुलिस ने कार को काटकर उनके शवों को निकाला। कैंटर के भी टुकड़े हो गए। केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। पिछले पहिए अलग हो गए। हादसा शुक्रवार रात 1 बजे पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के बुटराड़ा गांव के पास हुआ। मरने वाले चारों हरियाणा के सोनीपत के बरोदा गांव रहने वाले थे। मृतकों की पहचान साहिल (22), विवेक (23) , आशीष (24) और परमजीत (24) के रूप में हुई है। परमजीत की कल शादी होनी थी। आशीष की शादी अगले अगले महीने तय थी। साहिल की शादी पिछले साल ही हुई थी। परमजीत कीशादी से पहले चारों ने हरिद्वार जाकर गंगा नहाने का प्लान बनाया था। लेकिन, रास्ते में दुर्घटना घट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चारों युवक उसमें फंस गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हादसे के समय कार सवार युवक नशे की हालत में हो सकते हैं, क्योंकि कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। वहीं, कैंटर चालक अभी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एएसपी और बाबरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। आसपास के थानों को भी मृतकों की पहचान कराने के लिए सूचना भेजी गई है।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने सुबह तक हटा कर यातायात बहाल किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फ्लाईओवर के पास अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन सड़क पर सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
परिजनों और ग्रामीणों के अस्पताल पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














