---Advertisement---

बागबेड़ा:चोरी करते रंगेहाथ चोर पकड़ाया, दांत काट फरार, पुलिस ने की देर,राहगीर मूकदर्शक

On: November 8, 2025 5:32 PM
---Advertisement---

चोरी की बैट्री और आरोपी का स्कूटी बरामद, पीड़िता से मिलने पहुंचे पंचायत प्रतिनिधि

जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा कॉलोनी में चोरी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है. इसके पूर्व बागबेड़ा कॉलोनी गणेश पूजा मैदान में ताला तोड़कर जेवरात की चोरी हो गई वहीं दूसरी तरफ राजेंद्र मध्य विद्यालय परिसर में पंचायत भवन में ताला तोड़कर चोरी की गई थी। शनिवार को बागबेड़ा के रोड नंबर एक पर खड़ी टेंपो से बैट्री की चोरी करके भागने के दौरान उसे एक व्यक्ति ने पकड़ लिया. पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने आने में देर कर दी. इस बीच आरोपी ने अपनी दांत से कलाई काटकर चंगूल से निकलकर फरार हो गया. इस बीच राहगीर भी आस-पास में ही खड़े थे, लेकिन वे मूकदर्शक ही बने रहे.
सुबह लगभग 4.30 बजे की है घटना
बागबेड़ा रोड नंबर 2, क्वार्टर नंबर 59/2/4 के रहने वाले बाबू राव सुबह के करीब 4.30 बजे अपने मकान की छत पर पानी टंकी के पास कुछ काम कर रहे थे. इस बीच ही उनकी नजर एक युवक पर पड़ी. युवक गली की तरफ जा रहा था. लौटते समय उसके हाथ में एक बैट्री थी. इसपर उन्हें आशंका हुई और उसे रोका. देखा कि वह बैट्री को स्कूटी पर रख रहा है. पूछने पर टाल-मटोल जवाब दिया. इसके बाद उसे पकड़ लिया. गले में गमछा लगाकर उसे करीब आधे घंटे तक रोककर रखा गया और पुलिस को खबर की.
समय पर नहीं पहुंची पुलिस
पुलिस के आने के पहले ही बाबू राव की कलाई को आरोपी ने अपनी दांत से काट खाया. इस बीच वे छट-पटाने लगे और आरोपी मौका पाकर स्कूटी एवं बैटरी छोड़कर वहां से फरार हो गया. बाबू राव की कलाई के साथ-साथ पूरा कपड़ा खून से रंग गया था. अंत में उन्होंने अपना ईलाज सदर अस्पताल में कराया.
टाटा एस टेंपो से की थी बैट्री चोरी
आरोपी ने बागबेड़ा के रोड नंबर एक श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल के बगल में राजेश मिश्रा की खड़ी टाटा एस टेंपो से बैट्री की चोरी की थी. इसकी जानकारी राजेश को तब मिली जब आरोपी बाबू राव के चंगूल से निकलकर फरार हो गया था.
श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल के बगल की है घटना
चोरी की घटना श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल के ठीक बगल की है. स्कूल में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है. उसके हिसाब से आरोपी की पहचान कराने की कोशिश की जाएगी.
पीड़िता से मिलने पहुंचे पंचायत प्रतिनिधि
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के आवास पर बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर समाजसेवी भोला झा पहुंचे। वस्तु स्थिति से अवगत होकर अपना पूर्ण सहयोग और समर्थन देने का आश्वासन दिए है। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं उप मुखिया संतोष ठाकुर ने कहा कि बागबेड़ा कॉलोनी में चोरी की यह तीसरी घटना से लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव से वार्ता कर अभियुक्त की गिरफ्तारी और मामले की खुलासा करने की मांग भी की गई है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें