रांची: आईएमएस गाज़ियाबाद यूनिवर्सिटी कोर्सेज कैंपस द्वारा होटल लेमन ट्री, एमजी मेन रोड, रांची में शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य रांची के उन शिक्षकों का सम्मान करना था, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपने अद्वितीय योगदान से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाया है बल्कि हजारों विद्यार्थियों के जीवन को समृद्ध भी किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अजित कुमार सिन्हा (पूर्व वाइस चांसलर, रांची विश्वविद्यालय) एवं आईएमएस गाज़ियाबाद यूनिवर्सिटी कोर्सेज कैंपस की निदेशक प्रो. (डॉ.) जसकिरण कौर द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अजित कुमार सिन्हा ने शिक्षकों का स्वागत करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “शिक्षक वह दीपक है, जो स्वयं जलकर अनगिनत राहों को उजाला देता है। शिक्षक वह वास्तुकार है जो पुस्तकों के शब्दों को चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व में ढाल देता है।” उन्होंने समाज की हर बड़ी उपलब्धि के पीछे शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
निदेशक डॉ. जसकिरण कौर ने भी उपस्थित जनों को शिक्षा के मायने बताते हुए शिक्षक के कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का आयोजन शिक्षकों को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में रांची के 50 से अधिक स्कूलों के 300 से ज्यादा अध्यापकों को सम्मानित किया गया। प्रमुख स्कूलों में फिरायालाल पब्लिक स्कूल, झारखंड पब्लिक स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, दयानंद आर्य स्कूल, विवेकानंद विद्या मंदिर, निर्मल कॉन्वेंट स्कूल, हॉली क्रॉस स्कूल आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूजा रस्तोगी ने किया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
रांची: आईएमएस यूनिवर्सिटी गाजियाबाद ने शिक्षकों को किया सम्मानित














