Winter Hydration: ठंड का मौसम आते ही हमारी दिनचर्या में कई बदलाव हो जाते हैं। गर्म कपड़े, गरमागरम खाने और चाय-कॉफी की बढ़ती आदत के बीच एक चीज सबसे ज्यादा नजरअंदाज होती है, वो है पानी पीना। सर्दियों में प्यास कम लगती है, जिससे हम अनजाने में शरीर की पानी की जरूरत को पूरा नहीं कर पाते। यही लापरवाही आगे चलकर डिहाइड्रेशन, थकान, सिरदर्द, ड्राय स्किन और पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती है। कम पानी पीने से शरीर लंबे समय में कई तरह की समस्याओं का शिकार हो सकता है जिसमें किडनी और दिमाग की बीमारियां भी शामिल हैं।
अक्सर लोगों को लगता है कि डिहाइड्रेशन सिर्फ गर्मियों की समस्या है, जबकि सच्चाई यह है कि सर्दी हो या गर्मी, शरीर को हर मौसम में पर्याप्त पानी की जरूरत होती है। ऐसे में जरूरी है कि हम सर्दियों में भी हाइड्रेशन को लेकर सतर्क रहें।
पानी पीने का लक्ष्य तय करना है सबसे जरूरी
सर्दियों में प्यास का अहसास कम होने के कारण पानी का सेवन अपने आप घट जाता है। ऐसे में सबसे अच्छा तरीका है कि आप एक डेली गोल सेट करें। कोशिश करें कि पूरे दिन में कम से कम 2 से 3 लीटर (या 2–3 बोतल) पानी जरूर पिएं। अगर बार-बार भूल जाती हैं तो मोबाइल में रिमाइंडर लगाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
ठंडा पानी नहीं, गुनगुना पानी बनाएं आदत
सर्दियों में ठंडा पानी पीने का मन नहीं करता, यही वजह है कि पानी से दूरी बढ़ जाती है। इसका आसान समाधान है गुनगुना पानी। आप थर्मस या हॉट वॉटर बोतल में पानी गर्म करके रख सकती हैं और समय-समय पर इसका सेवन करती रहें। गुनगुना पानी न सिर्फ हाइड्रेशन बनाए रखता है, बल्कि पाचन को भी बेहतर करता है।
पानी युक्त फूड्स को बनाएं डाइट का हिस्सा
सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि कई ऐसे खाद्य पदार्थ भी हैं जिनमें भरपूर मात्रा में पानी पाया जाता है। सर्दियों में अपनी डाइट में संतरा, स्ट्रॉबेरी, दही, ओटमील, मौसमी फल और सब्जियां शामिल करें।
इसके अलावा घर पर बनी पौष्टिक सब्जियों और हर्ब्स से तैयार सूप भी शरीर को हाइड्रेट रखने में बेहद मददगार होते हैं। वहीं दूसरी ओर, फ्राइड और प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाना जरूरी है, क्योंकि ये डिहाइड्रेशन को बढ़ा सकते हैं।
हर्बल टी से मिलेगा हाइड्रेशन और इम्यूनिटी दोनों
सर्दियों में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में हर्बल टी एक बेहतरीन विकल्प है। अदरक, काली मिर्च, इलायची, तुलसी, दालचीनी से बनी हर्बल टी न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखती है, बल्कि इम्यूनिटी को भी मजबूत करती है। इससे बैक्टीरिया और वायरस से लड़ने में शरीर को मदद मिलती है।
फ्लेवर वाला पानी बनाए आदत
अगर सादा पानी पीना बोरिंग लगता है, तो आप गुनगुने पानी में
नींबू, संतरा, पुदीना, तुलसी या अन्य फलों के टुकड़े डाल सकती हैं। इससे पानी में नेचुरल फ्लेवर के साथ-साथ विटामिन और मिनरल्स भी मिल जाते हैं, जो सेहत के लिए फायदेमंद हैं।
चाय-कॉफी से बनाएं दूरी
सर्दियों में चाय और कॉफी का सेवन अक्सर बढ़ जाता है, लेकिन ध्यान रखें कि कॉफी में मौजूद कैफीन एक नेचुरल ड्यूरेटिक होता है, जो शरीर से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स को बाहर निकाल देता है। इससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए चाय-कॉफी की जगह हर्बल टी या गर्म पानी को प्राथमिकता दें।
सर्दियों में प्यास कम लगना सामान्य है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि शरीर को पानी की जरूरत कम हो जाती है। सही मात्रा में पानी, हाइड्रेटिंग फूड्स और हेल्दी ड्रिंक्स को दिनचर्या में शामिल करके आप न सिर्फ खुद को डिहाइड्रेशन से बचा सकती हैं, बल्कि सर्दियों में भी फिट और एनर्जेटिक रह सकती हैं।
सर्दियों में कम पानी पीने से हो सकती हैं कई बिमारियां, इन तरीकों से खुद को रखें हाइड्रेटेड












