---Advertisement---

24वीं गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, 53 टीमें ले रहीं भाग

On: December 16, 2025 8:22 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा: 24वीं गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन सोमवार को गोविंद हाई स्कूल के मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त दिनेश कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, प्रतियोगिता के संरक्षक अलखनाथ पांडेय, अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी एवं सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को अपना लक्ष्य स्पष्ट रूप से निर्धारित करना चाहिए तथा उसे पाने के लिए दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफलता बिना परिश्रम के संभव नहीं है। खेल में प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक और आवश्यक है, इससे प्रतिभा निखरती है। उन्होंने 24 वर्षों से लगातार प्रतियोगिता के आयोजन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए आयोजक समिति को बधाई दी और खिलाड़ियों को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि जीवन की चुनौतियों से निपटने की क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने और हार-जीत दोनों से सीख लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूली स्तर पर इस तरह की बड़ी प्रतियोगिता बच्चों को आगे बढ़ने का मजबूत मंच देती है।

प्रतियोगिता के संरक्षक अलखनाथ पांडेय ने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर खेल खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल मानव के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने खेल के माध्यम से जो मुकाम हासिल किया है, वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

प्रतियोगिता के अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि यह आयोजन न केवल गढ़वा जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। सभी के सहयोग से यह प्रतियोगिता पिछले 23 वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। वहीं सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने बताया कि यह प्रतियोगिता झारखंड में स्कूली स्तर पर क्रिकेट का सबसे बड़ा आयोजन है। उन्होंने इसे क्रिकेट का “महाकुंभ” बताते हुए कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 53 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 848 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष सियाराम शरण वर्मा ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अशोक दुबे, संजय सोनी, सुशील केशरी, सिस्टर रोशना, नंद कुमार गुप्ता, अशोक विश्वकर्मा, पंकज सिंह, चंद्रभूषण सिन्हा, मुजीबुद्दीन खान, जितेंद्र सिंह, अनिल विश्वकर्मा, प्रिंस सोनी, गजेंद्र साहू, नवल जी, अभिषेक द्विवेदी, कमलेश कुमार दुबे, रोहन तिवारी, मनीष उपाध्याय, मनोज तिवारी, प्रिस खान, प्रफुल, अमित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now