झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा: आगामी नववर्ष, क्रिसमस एवं शीतकालीन अवकाश के दौरान अन्नराज डैम क्षेत्र में पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने डैम प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने बताया कि बीते 11 अगस्त को डैम में हुई कुछ दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा कारणों से अन्नराज डैम क्षेत्र को तैराकी निषेध क्षेत्र (नो-स्विमिंग जोन) घोषित किया गया था। इसके तहत डैम में तैरने, कूदने, स्नान करने एवं अन्य जल क्रीड़ा गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। साथ ही एहतियातन बोटिंग एवं स्टीमर सेवा पर भी रोक लगाई गई थी।
हालांकि अन्नराज डैम पर्यटन की दृष्टि से जिले एवं आसपास के क्षेत्रों का प्रमुख आकर्षण केंद्र है, जहां विशेषकर नववर्ष और शीतकाल में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। जन-आकांक्षाओं, स्थानीय आजीविका और पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए एसडीएम द्वारा पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। संशोधित आदेश के तहत अब बोटिंग एवं स्टीमर सेवा को सशर्त अनुमति प्रदान की गई है, ताकि पर्यटक सुरक्षित एवं नियंत्रित ढंग से जल पर्यटन का आनंद ले सकें। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर तैराकी, कूदने एवं स्नान पर प्रतिबंध पूर्ववत जारी रहेगा।
एसडीएम ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि बोटिंग एवं स्टीमर संचालन के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक पर्यटक के लिए लाइफ जैकेट की उपलब्धता, क्षमता से अधिक सवारियों को न बैठाने, प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती और सतत निगरानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
इसके साथ ही एसडीएम ने जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पर्यटन पदाधिकारी एवं संबंधित कार्यपालक अभियंता को डैम क्षेत्र में साफ-सफाई दुरुस्त करने, कचरा प्रबंधन, संकेतक बोर्ड लगाने तथा पर्यटकों की सुविधा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोर एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय मुखिया राम लगन राम, जिला मत्स्य कार्यालय के चंद्रेश्वर साहनी, पर्यटन एवं मत्स्यजीवी समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।














