इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। भ्रष्टाचार से जुड़े तोशाखाना-2 मामले में एक विशेष अदालत ने इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17-17 साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोनों पर 1.64 करोड़ रुपये (16.4 मिलियन पाकिस्तानी रुपये) का भारी जुर्माना भी लगाया गया है। कानून के अनुसार, यदि जुर्माना अदा नहीं किया गया तो उन्हें अतिरिक्त जेल की सजा भी भुगतनी पड़ेगी।।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान सरकार पर जेल में बंद इमरान खान के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के आरोप लग रहे हैं। यहां तक कि संयुक्त राष्ट्र (UN) भी इमरान खान को एकांत कारावास से बाहर निकालने की मांग कर चुका है।
अडियाला जेल में सुनवाई, 80 बार हुई पेशी
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला स्पेशल जज सेंट्रल शाहरुख अरजुमंद ने सुनाया। रावलपिंडी की अडियाला जेल में कुल 80 सुनवाइयों के बाद अदालत ने यह निर्णय दिया। इमरान खान फिलहाल इसी जेल में बंद हैं।
क्या है तोशाखाना-2 मामला?
तोशाखाना-2 केस एक बेहद महंगे बुल्गारी (Bvlgari) ज्वेलरी सेट से जुड़ा है। आरोप है कि मई 2021 में सऊदी अरब के आधिकारिक दौरे के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस ने यह ज्वेलरी सेट इमरान खान को उपहार में दिया था। बाद में इस कीमती तोहफे को नियमों के खिलाफ बेहद कम कीमत पर खरीद लिया गया, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा।
किन धाराओं में सजा?
अदालत ने इमरान खान को पाकिस्तान दंड संहिता (PPC) की धारा 34 (सामान्य इरादा) और धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत 10 साल की सख्त कैद सुनाई। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 5(2) के तहत सात साल की अतिरिक्त सजा दी गई। बुशरा बीबी को भी इन्हीं धाराओं के तहत कुल 17 साल की जेल की सजा सुनाई गई है।
उम्र और महिला होने के आधार पर नरमी
डॉन अखबार के हवाले से अदालत के आदेश में कहा गया है कि सजा सुनाते समय इमरान खान की उम्र और बुशरा बीबी के महिला होने के तथ्य को ध्यान में रखा गया। इन्हीं कारणों से सजा में कुछ हद तक नरमी बरती गई है।
साथ ही अदालत ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 382-B के तहत यह भी स्पष्ट किया कि दोषियों को पहले से हिरासत में बिताई गई अवधि का लाभ दिया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
गौरतलब है कि इमरान खान को पहली बार 9 मई 2023 को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद अगस्त 2023 में उन्हें तोशाखाना मामले में दोबारा हिरासत में लिया गया। एक समय क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर देश का हीरो बने इमरान खान आज पाकिस्तान की जेलों में सजा काट रहे हैं।
इस फैसले के बाद पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है और आने वाले दिनों में इस पर देश-विदेश की प्रतिक्रिया और तेज होने की संभावना है।













