रांची: राजधानी स्थित कांके रोड के मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज यानी शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उद्योगों से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में संचालित औद्योगिक इकाइयों के समक्ष आ रही चुनौतियों, प्रक्रियागत अड़चनों और उनके संभावित समाधानों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उद्योग जगत की ओर से निवेश, आधारभूत संरचना, नीति क्रियान्वयन और प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों को प्रमुखता से रखा गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और झारखंड के आर्थिक सशक्तिकरण में FJCCI की भूमिका निरंतर महत्वपूर्ण रही है। सरकार उद्योगों के साथ समन्वय बनाकर विकास को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्रता से कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि उद्योगों को सुगम, पारदर्शी और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर FJCCI के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल के साथ-साथ कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, मनीष श्राफ और डॉ. अभिषेक रामाधीन भी उपस्थित रहे।











