---Advertisement---

झारखंड में ठंड से 5 लोगों की मौत, 5 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे

On: December 21, 2025 10:38 AM
---Advertisement---

रांची: ठंड ने झारखंड में अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते दो दिनों से राज्य के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार गिरते तापमान के कारण हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि पिछले 24 घंटे के भीतर राज्य में ठंड से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।


जानकारी के अनुसार चतरा जिले में ठंड की चपेट में आकर तीन लोगों की जान चली गई, जबकि गिरिडीह और लोहरदगा जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने सभी मामलों में ठंड को ही मौत का प्रमुख कारण बताया है।


तापमान में भारी गिरावट, पांच जिलों का पारा 10 डिग्री से नीचे
राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। रांची, गुमला, खूंटी, लातेहार और लोहरदगा समेत कुल पांच जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। शनिवार को रांची जिले का कांके इलाका राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 6.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।


लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रांची शहर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।


घने कोहरे के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


कई इलाकों में दिन के समय भी धूप नहीं निकल पा रही है, जिससे ठिठुरन और कनकनी और अधिक बढ़ गई है। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।


मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण झारखंड में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। आने वाले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार कम हैं। सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त उपाय करने की अपील की है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now