U19 Asia Cup 2025 Final: एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में खेला गया, जहां पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 191 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने खिताब पर कब्जा जमाया, जबकि भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी तरह बिखर गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 347 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में भारतीय टीम 156 रन पर सिमट गई और 27वें ओवर में ही ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तान की पारी: समीर मिन्हास का शतक बना मैच का टर्निंग पॉइंट
पाकिस्तान की शुरुआत हालांकि कुछ खास नहीं रही और चौथे ओवर में विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर (18 रन) का विकेट गिर गया। उन्हें तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने पवेलियन भेजा। इसके बाद समीर मिन्हास और उस्मान खान ने दूसरे विकेट के लिए 92 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को स्थिरता दी। उस्मान खान के आउट होने के बाद समीर मिन्हास ने अहमद हुसैन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी की। इस दौरान समीर मिन्हास (172) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 17 चौके और 9 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। यह इस टूर्नामेंट में उनका दूसरा शतक रहा। खिलान पटेल ने अहमद हुसैन को आउट कर इस बड़ी साझेदारी को तोड़ा। हुसैन ने 72 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल था। पाकिस्तान ने अंत तक तेज रन बटोरते हुए भारत के सामने 348 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रख दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम बिखरी
348 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज जरूर रही, लेकिन वह लय बरकरार नहीं रख सकी। कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी को अली रजा ने जल्दी आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया। आयुष सिर्फ 2 रन बना सके, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 10 गेंदों में 3 छक्के और एक चौके की मदद से 26 रन बनाए।
इसके बाद एरॉन जॉर्ज (16 रन) और विहान मल्होत्रा (7 रन) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। जब विहान आउट हुए, तब भारत का स्कोर 59/4 था। वेदांत त्रिवेदी से उम्मीदें थीं, लेकिन वह भी मोहम्मद सैयाम की शॉर्ट गेंद पर 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद भारतीय पारी पूरी तरह चरमरा गई और विकेटों का पतझड़ लग गया। पूरी टीम 27वें ओवर में 156 रन पर ऑलआउट हो गई।














