---Advertisement---

गिरिडीह: छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने महिला पर फेंका खौलता तेल, एक आरोपी गिरफ्तार

On: December 22, 2025 11:48 AM
---Advertisement---

गिरिडीह: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की देर शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। छेड़खानी का विरोध करना एक महिला को इतना महंगा पड़ गया कि आरोपियों ने उस पर खौलता तेल फेंक दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका इलाज सदर अस्पताल, गिरिडीह में चल रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता गांव में समोसा–पकौड़ी की छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। उसका पति दिव्यांग है और परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। रविवार की शाम वह रोज़ की तरह दुकान पर पकौड़ी बना रही थी। इसी दौरान पड़ोस के गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी वहां पहुंचे।


पीड़िता का आरोप है कि दोनों युवक दुकान पर आते ही उसके साथ छेड़खानी करने लगे। महिला ने जब इसका विरोध किया और उन्हें वहां से जाने को कहा, तभी अचानक बिजली चली गई। अंधेरे का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने दुकान में चूल्हे पर रखी गर्म तेल की कढ़ाही उठाई और सीधे महिला पर उड़ेल दी।


खौलते तेल से महिला के हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।


घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी उदय चौधरी को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। दूसरे आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।


इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now