सतीश कुमार मेहता
पलामू (मेदिनीनगर): सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 39 (75) पर मंगलवार दोपहर कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद दोनों वाहन हाईवे के डिवाइडर के बीच जा गिरे।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया। घायलों में एक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के मेराल गांव निवासी निर्भय मेहता के रूप में हुई है, जबकि दूसरा घायल मझोली गांव का निवासी बताया जा रहा है।
वहीं, कार चालक सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दुर्घटना के बाद दो लोग मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल सवार सिगरा की ओर से आ रहा था, जबकि कार जोड़ से सिगरा की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना के एएसआई समाल अहमद मौके पर पहुंचे और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से सदर थाना ले गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।














