---Advertisement---

कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद स्लीपर बस में लगी आग; 17 लोगों की जिंदा जलकर मौत

On: December 25, 2025 8:42 AM
---Advertisement---

चित्रदुर्ग: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले से बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे-48 पर गोरलाथु क्रॉस के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और प्राइवेट स्लीपर बस की आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद बस में आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि बस कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई। इस हादसे में बस में सवार 17 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हीरियूर से बेंगलुरु की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक डिवाइडर पार कर सामने से आ रही स्लीपर बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क के बीचोंबीच पलटते हुए आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बस धू-धू कर जलने लगी।


बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी। बस में कुल 32 सीटें थीं, जिनमें से 29 पर यात्री सवार थे। इनमें 15 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल थे। टक्कर के बाद बस चालक, कंडक्टर और कुछ यात्री समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन अंदर फंसे कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।


हादसे में गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है। इस दुर्घटना में ट्रक चालक कुलदीप की भी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। हीरियूर ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।


इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now