---Advertisement---

गढ़वा: एसडीएम ने किया बाजार समिति परिसर का औचक निरीक्षण, 50 से अधिक अनाधिकृत कब्जे चिन्हित, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

On: January 6, 2026 9:08 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मंगलवार को गढ़वा कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाजार समिति क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया। प्रथमदृष्टया जांच में 50 से अधिक लोगों द्वारा अनधिकृत रूप से परिसर में कब्जा किए जाने की बात प्रकाश में आई।

निरीक्षण के क्रम में बाजार समिति के सचिव राजीव रंजन द्वारा अतिक्रमणकारियों की एक सूची एसडीएम को सौंपी गई, जिसे अपूर्ण मानते हुए एसडीएम ने इसे शीघ्र अद्यतन कर पूर्ण सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमणकारियों और अवैध कब्जाधारियों की सटीक सूची के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसडीएम ने इस मामले को गंभीर बताते हुए बाजार समिति सचिव को दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की मांग कर अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों के कारण न केवल बाजार समिति में अव्यवस्था और अराजकता की स्थिति बनी हुई है, बल्कि इससे सरकारी राजस्व को भी नुकसान हो रहा है।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि बाजार समिति परिसर स्थित सार्वजनिक मूत्रालय में आलू और प्याज का भंडारण कर कब्जा किया गया है। इस पर एसडीएम ने संबंधित कब्जाधारी के विरुद्ध मामला दर्ज कराने तथा 24 घंटे के भीतर परिसर खाली कराने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त, बाजार समिति क्षेत्र में गैर-कृषि उत्पादों का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों के संबंध में भी विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया गया है। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि कृषि उत्पादन बाजार समिति का उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना है, इसलिए परिसर का उपयोग केवल निर्धारित कृषि उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने सभी व्यवसायियों को निर्देशित किया कि वे अपनी पात्रता की जांच कर स्वेच्छा से नियमों का अनुपालन करें, अन्यथा विधिसम्मत कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

निरीक्षण के दौरान बाजार समिति के सचिव राजीव रंजन, समिति के कर्मी एवं बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now