---Advertisement---

गढ़वा में चौंकाने वाली घटना, मंदिर जा रही बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर सोने के आभूषण और नकदी लूटी

On: January 7, 2026 5:08 PM
---Advertisement---

गढ़वा: जिले के चिनियां रोड इलाके में मंगलवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जिसने शहरवासियों को चिंता में डाल दिया है। शिव मंदिर के समीप पूजा के लिए जा रही एक बुजुर्ग महिला को एक अज्ञात युवक ने बहाने से रोककर कथित तौर पर सम्मोहित किया और उनके सोने के गहने व नकदी लेकर फरार हो गया। गढ़वा में इस तरह की सम्मोहन कर लूट की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।


पीड़िता की पहचान चिनियां रोड–नेहरू नगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका किरण कुमारी श्रीवास्तव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, किरण कुमारी श्रीवास्तव रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे पूजा की डोलची लेकर अपने घर से चिनियां रोड स्थित शिव मंदिर जा रही थीं।


इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा और किसी डॉक्टर का पता पूछने लगा। महिला ने जब अनभिज्ञता जताई, तब भी युवक उनसे बातचीत करता रहा। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने उन्हें सम्मोहित कर लिया। युवक के कहने पर महिला ने अपनी पूजा की डोलची उसके हाथ में दे दी और मंदिर की ओर जाने के बजाय उसके साथ उलटी दिशा में, चिनियां मोड़ की ओर बढ़ने लगीं।


बताया जा रहा है कि होटल पद्मावत से पहले युवक ने महिला को रोक लिया और उनके गले से सोने की चेन, हाथ से सोने का कंगन तथा करीब 1200 रुपये नकद ले लिए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।


कुछ समय बाद जब महिला को होश आया, तब उन्हें अपने साथ हुई पूरी घटना का अहसास हुआ। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


घटना स्थल के आसपास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में पीड़िता और संदिग्ध युवक की तस्वीर कैद होने की बात सामने आई है। इसके आधार पर पुलिस अपराधी की पहचान करने में जुट गई हैपीड़िता ने इस संबंध में सदर थाना में अज्ञात अपराधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now