रांची: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जन्मदिवस के अवसर पर आगामी 11 जनवरी 2026 को टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव, रांची में प्रस्तावित ‘गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना’ संवाद कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस विशेष कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री झारखंड श्री हेमंत सोरेन राज्य के कक्षा 10वीं से 12वीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान किया जाएगा।
यह योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के जरिए छात्रों को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन एवं लाभ से संबंधित मार्गदर्शन भी किया जाएगा।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, मंच एवं पंडाल निर्माण, बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के आगमन एवं निकासी की व्यवस्था, पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने, तथा योजना से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और सूचनाओं की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, रांची, पुलिस अधीक्षक (नगर/यातायात), परियोजना निदेशक, समेकित जनजाति विकास अभिकरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, उप प्रशासक नगर निगम, विशेष विनियमन पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी एवं अग्रणी जिला प्रबंधक सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि यह कार्यक्रम न केवल भव्य और सफल हो, बल्कि विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह लाभकारी और सुविधाजनक भी साबित हो।













