क्यूजीएआरपी ढांचे पर आधारित अनुशासित निवेश रणनीति, एनएफओ 22 जनवरी तक खुला
रांची: ग्रो म्यूचुअल फंड ने अपनी नई ओपन-एंडेड इक्विटी योजना ‘ग्रो स्मॉल कैप फंड’ के लॉन्च की घोषणा की है। यह फंड मुख्य रूप से स्मॉल कैप शेयरों में निवेश करेगा और बुनियादी तत्वों के आधार पर बॉटम-अप निवेश रणनीति अपनाएगा। नई फंड पेशकश (एनएफओ) 8 जनवरी से 22 जनवरी, 2026 तक निवेश के लिए खुली रहेगी।
कंपनी के अनुसार, यह योजना ग्रो म्यूचुअल फंड के क्यूजीएआरपी ढांचे—तर्कसंगत मूल्य पर गुणवत्ता और वृद्धि—से प्रेरित है। इसका उद्देश्य मजबूत फंडामेंटल, सतत विकास क्षमता और उचित मूल्यांकन वाली स्मॉल कैप कंपनियों में निवेश कर दीर्घकालिक पूंजी सृजन करना है।
ग्रो म्यूचुअल फंड का मानना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में हो रहे संरचनात्मक बदलाव, बुनियादी ढांचे पर बढ़ता खर्च, डिजिटल प्लेटफॉर्म का विस्तार और औपचारिक ऋण तक बेहतर पहुंच से स्मॉल कैप कंपनियों के लिए नए अवसर बने हैं। इससे छोटी कंपनियां अपने परिचालन का विस्तार कर पा रही हैं और नए बाजारों तक पहुंच बना रही हैं।
ऐतिहासिक रूप से स्मॉल कैप शेयरों ने दीर्घकाल में बेहतर रिटर्न देने की क्षमता दिखाई है, हालांकि इनमें उतार-चढ़ाव अधिक रहता है। हाल के एक वर्ष में कमजोर प्रदर्शन के बावजूद कई कंपनियों के फंडामेंटल मजबूत हुए हैं और मूल्यांकन अपेक्षाकृत आकर्षक हुआ है, जिससे चयनात्मक निवेश के अवसर बढ़े हैं।
इस योजना का बेंचमार्क निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स–टीआरआई होगा। फंड का प्रबंधन अनुपम तिवारी करेंगे। न्यूनतम निवेश राशि 500 रूपये रखी गई है, जबकि एक वर्ष के भीतर रिडेम्पशन पर 1 प्रतिशत एग्जिट लोड लागू होगा। कंपनी के अनुसार, यह फंड लंबी अवधि के निवेशकों के लिए उपयुक्त हो सकता है।








