झारखंड वार्ता संवाददाता
विश्रामपुर(पलामू): विश्रामपुर नगर परिषद मुख्यालय स्थित कब्रिस्तान के समीप एक किराये के मकान में रह रहे पश्चिम बंगाल के युवक का शव गुरुवार की सुबह फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही विश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर कब्रिस्तान के पास आहर में स्थित विकास चंद्रवंशी के मकान में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के टाटलापारा, सुजापुर निवासी मो. लेकबास शेख का 36 वर्षीय पुत्र मो. अलाउद्दीन शेख उर्फ अलाय किराये पर रह रहा था। वह विश्रामपुर क्षेत्र में कबाड़ा खरीदने-बेचने का काम करता था।
गुरुवार की सुबह पड़ोस में रहने वाले लोगों ने मकान का दरवाजा खुला देखा। जब वे अंदर गए तो युवक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तत्काल मकान मालिक को सूचना दी गई, जिन्होंने घटना की जानकारी विश्रामपुर थाना को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
विश्रामपुर में किराये के मकान से बंगाल के युवक का शव बरामद, आत्महत्या की आशंका














