अभय मांझी
लातेहार: मनिका थाना परिसर में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनिका अंचलाधिकारी अमन कुमार ने की। इस अवसर पर मनिका प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, मनिका प्रखंड प्रमुख प्रतिमा देवी, सांसद प्रतिनिधि अंकित कुमार, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष विश्वनाथ पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक के दौरान अंचलाधिकारी अमन कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पूजा पंडालों में अश्लील गानों के प्रयोग से परहेज करने की अपील की। साथ ही सभी पूजा समितियों से अपने-अपने वॉलिंटियरों के नाम थाना में जमा करने को कहा, ताकि पहचान में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा विसर्जन जुलूस के दौरान शराब का सेवन पूरी तरह वर्जित रहेगा। किसी भी प्रकार की लड़ाई-झगड़ा या शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने को कहा गया।
वहीं थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने कहा कि सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। पूजा के दौरान नियमित रूप से पुलिस गश्ती की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में मिथिलेश पासवान, उमेश यादव, डिग्लू राय, मनोज यादव, अख्तर अंसारी, अरुण सिंह, दिनेश प्रसाद समेत कई लोग उपस्थित थे।














