डोडा: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को भारतीय सेना के जवानों के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास सेना की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सेना के वरिष्ठ अधिकारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में कुल 21 जवान सवार थे। सभी जवान ऊपरी इलाके में स्थित एक अग्रिम पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खन्नी टॉप के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। अधिकारी के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कठिन पहाड़ी रास्तों और दुर्गम इलाके के बावजूद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल 11 जवानों को तत्काल एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख जताया है।जम्मू-कश्मीर सीएमओ की तरफ से ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा गया है, मुख्यमंत्री ने भद्रवाह-चंबा रोड पर खन्नीटॉप में सेना के वाहन से हुए दुखद हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की, साथ ही त्वरित बचाव और राहत कार्यों की सराहना की।














