ढाका: टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा फैसला लिया है। बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार कर दिया है। यह फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा वेन्यू बदलने के अनुरोध को खारिज किए जाने के ठीक एक दिन बाद सामने आया है।
दरअसल, बांग्लादेश ने ICC से भारत के बजाय किसी अन्य देश में अपने मुकाबले कराने की मांग की थी। बोर्ड ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन ICC ने न सिर्फ वेन्यू बदलने की मांग को ठुकरा दिया, बल्कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए किसी भी तरह के सुरक्षा खतरे की आशंका से भी इनकार कर दिया।
अहम बैठक के बाद लिया गया निर्णय
ICC के फैसले के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों, राष्ट्रीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों और देश की अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार के बीच एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि बांग्लादेश की टीम भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मैच नहीं खेलेगी।
सूत्रों के मुताबिक, खिलाड़ियों की सुरक्षा, राजनीतिक हालात और टीम के मानसिक दबाव जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। BCB का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में टीम को भारत भेजना जोखिम भरा हो सकता है।
वर्ल्ड कप से हटते ही बदलेगा समीकरण
बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने के बाद टी-20 वर्ल्ड कप की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप में शामिल किया जाना लगभग तय माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ICC रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में एंट्री दी जा सकती है। स्कॉटलैंड पहले भी ICC इवेंट्स में दमदार प्रदर्शन कर चुका है, ऐसे में उसे यह मौका मिलने की पूरी संभावना है।














