रामगढ़: जिले में दयाल स्टील फैक्ट्री में हुई बड़ी लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से देशी कट्टा, जिंदा गोलियां, नकद रुपये, लूटा गया माल और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। इस कार्रवाई से जिले में आपराधिक गतिविधियों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
कैसे हुई थी लूट की वारदात
12 जनवरी 2026 को रात लगभग 01:30 बजे, रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहार स्थित दयाल स्टील फैक्ट्री में 10–12 अज्ञात अपराधियों ने धावा बोला था। अपराधियों ने फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा गार्ड व अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया और करीब 2000–2200 किलोग्राम कॉपर वायर सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में रामगढ़ थाना कांड संख्या 11/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
गुरूवार (22 जनवरी) को पुलिस को सूचना मिली कि लूट में शामिल अपराधी दोबारा चोरी का सामान उठाने फैक्ट्री क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार सात संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम
मुकेश कसरो (पिता – कृष्ण प्रसाद कसरो), साकिन – करियापुर, थाना – इचाक, जिला – हजारीबाग
अजय उर्फ पिंटू असरी, साकिन – जामुदाग, थाना – गोमिया, जिला – बोकारो
सनी कुमार (पिता – राजकुमार रविदास), साकिन – स्वांग मुना माइंस क्वार्टर, थाना – गोमिया, जिला – बोकारो
रणवीर कुमार (पिता – नवलेश कसरो), साकिन – विष्णुगढ़ कसरो मुहल्ला, थाना – विष्णुगढ़, जिला – हजारीबाग
नागेश्वर बेलदार उर्फ हनी (पिता – मनु चौहर), साकिन – स्वांग महादेव स्थान, थाना – गोमिया, जिला – बोकारो
पंकज कुमार (पिता – कार्तिक यादव), साकिन – तेलुगढ़ 01 नंबर, थाना – पेटरवार, जिला – बोकारो
गोपी कुमार (पिता – रामबाबू), साकिन – स्टेशन रोड गोमिया, थाना – गोमिया, जिला – बोकारो
बरामद सामान
देशी कट्टा – 1
जिंदा गोली (8mm) – 2
नकद ₹13,000
टाटा मैजिक वाहन (नं. JH-09U-8102)
एक बोलेरो पिकअप वाहन (बिना नंबर प्लेट)
एंड्रॉयड मोबाइल – 5
कीपैड मोबाइल – 1
चोरी किए गए कॉपर वायर व अन्य सामग्री (कुल वजन लगभग 250 किलोग्राम, अनुमानित मूल्य ₹3 लाख)
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके आपराधिक इतिहास की पुष्टि कर ली है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता है। जिले में अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।














