---Advertisement---

पलामू: बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, प्रिंस खान–सुजीत सिन्हा गैंग के 8 बदमाश गिरफ्तार; हथियार बरामद

On: January 23, 2026 5:27 PM
---Advertisement---

मेदिनीनगर (पलामू): पलामू पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए NHAI के फोरलेन निर्माण कार्य स्थल पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे सुजीत सिन्हा एवं प्रिंस खान गैंग से जुड़े 8 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैलाने की कोशिश पूरी तरह विफल हो गई।


गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम


पुलिस अधीक्षक पलामू को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चियांकी ओवरब्रिज और सिंगरा स्थित NHAI के निर्माण कार्य स्थल व अस्थायी कैंप पर फायरिंग कर मजदूरों को डराने और रंगदारी वसूलने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), मेदिनीनगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।


तीन स्थानों से हुई गिरफ्तारी


पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चियांकी निर्माणाधीन ओवरब्रिज से 3 युवक, सिंगरा फोरलेन अमानत नदी के पास से 2 युवक, सिंगरा स्थित निर्माणाधीन ओवरब्रिज से 3 युवकों को अवैध हथियार, जिंदा गोलियां और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया।


पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा


पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गैंग के नाम पर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की योजना बना रहे थे। वर्तमान में सुजीत सिन्हा गैंग को कुबेर नामक एक छद्म नाम से संचालित किया जा रहा था। कुबेर ही दोनों गैंगों का को-ऑर्डिनेटर है, जो अपराधियों को संगठित कर निर्देश देता था।


योजनानुसार, फायरिंग के बाद प्रिंस खान गैंग के नाम की पर्ची मौके पर फेंकी जानी थी, ताकि जिम्मेदारी उसी गैंग पर डाली जा सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर प्रिंस खान गैंग के नाम की धमकी भरी पर्ची भी बरामद की है।


अमित चौधरी था मुख्य को-ऑर्डिनेटर


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अमित चौधरी उर्फ रितीक चौधरी मुख्य को-ऑर्डिनेटर था, जो सीधे कुबेर के संपर्क में रहता था और बाकी युवकों को निर्देश देता था। घटना को अंजाम देने के बाद वह विदेश भागने की फिराक में था।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 देशी पिस्टल, 2 देशी कट्टा, 4 मैगजीन, 14 जिंदा गोली, 7 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल और दहशत फैलाने के लिए छोड़ी गई एक पर्ची बरामद की है।


गिरफ्तार आरोपी


अमित चौधरी उर्फ रितीक चौधरी (25), ग्राम मेरौनी, थाना भवनाथपुर, गढ़वा
आकाश शुक्ला (25), ग्राम चौरा, थाना लेस्लीगंज, पलामू
कौशल पासवान उर्फ सौरभ कुमार (19), ग्राम छकनाडीह, थाना तरहची, पलामू
नीरज चन्द्रवंशी (20), ग्राम पोखराहा, थाना सदर, पलामू
छोटन पासवान उर्फ एलेक्स पीहु (25), ग्राम रजबंधा, थाना हैदरनगर, पलामू
अख्तर अंसारी (19), ग्राम इमली कुमराहा, थाना पाटन, पलामू
अविनाश गिरि (25), ग्राम हरतुआ, थाना लेस्लीगंज, पलामू
बॉबी कुमार राम (19), ग्राम सुठा, थाना पाटन, पलामू


दर्ज हुआ मामला
सभी आरोपियों के खिलाफ सदर थाना कांड संख्या 08/26 (दिनांक 23.01.2026) के तहत BNS, आर्म्स एक्ट एवं UAPA की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।


भारी आपराधिक इतिहास


मुख्य आरोपी अमित चौधरी समेत कई आरोपियों पर पलामू, गढ़वा और आसपास के जिलों में लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों का लंबा आपराधिक इतिहास पहले से दर्ज है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now