चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच अब तक का सबसे बड़ा मुठभेड़ चल रहा है। यह मुठभेड़ पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर जारी है और जंगल के भीतर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ऑपरेशन के दौरान लगातार गोलीबारी की आवाजें जंगल के बाहर तक सुनाई दे रही हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को भी मुठभेड़ जारी रही, जिसमें सुरक्षाबलों ने दो और नक्सलियों को मार गिराया। उनमें जोनल कमांडर रापा उर्फ पॉवेल उर्फ रापा मुंडा भी शामिल था। रापा पर झारखंड सरकार की ओर से 10 लाख और ओडिशा सरकार की ओर से 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके साथ ही अब तक 13 इनामी समेत 17 नक्सली मारे जा चुके हैं। इन पर 4.49 करोड़ रूपए का इनाम घोषित था। मारे गए नक्सलियों में एक महिला नक्सली भी शामिल है। वहीं एक नक्सली को जिंदा गिरफ्तार किया गया है, जिससे अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मारे गए नक्सलियों में अनल उर्फ पतिराम मांझी, अनमोल उर्फ सुशांत, अमित मुंडा, पिंटू लोहरा, लालजीत उर्फ लालू, राजेश मुंडा, बुलबुल अयदा, बबीता, पूर्णिमा और सुरजमुनी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
फायरिंग के कारण नहीं निकाली जा सकीं लाशें
नक्सलियों की ओर से लगातार की जा रही फायरिंग के कारण कुमडी जंगल में पड़े शवों को तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम कई ट्रैक्टर जंगल के भीतर भेजे गए, ताकि मारे गए नक्सलियों के शवों को बाहर लाया जा सके। तभी जंगल में छिपे अन्य नकसलियों ने दोबारा गोलीबारी शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित फायरिंग के कारण फिलहाल शवों को घटनास्थल से बाहर लाने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को टालना पड़ा है।
मिसिर बेसरा के छिपे होने की आशंका
सीआरपीएफ के आईजी साकेत सिंह ने बताया कि जिस इलाके में मुठभेड़ हुई है, उसके लगभग 20 किलोमीटर के दायरे में एक करोड़ रुपये का इनामी कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा के छिपे होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि वह अनल दस्ते से अलग रहकर गतिविधियां संचालित करता है।
हजारों जवानों ने की घेराबंदी
ऑपरेशन में कोबरा बटालियन की 209, 203 और 207 यूनिट के कमांडो दिन-रात जंगल में डटे हुए हैं। इसके अलावा सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के करीब तीन हजार जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी है। सुरक्षा बल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।
मिसिर बेसरा के घेरे जाने की चर्चा
हालांकि यह भी चर्चा है कि एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है। अधिकारी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं और कह रहे हैं कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी।
फिलहाल सारंडा के जंगलों में ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल नक्सलियों के खात्मे को लेकर निर्णायक कार्रवाई के मूड में नजर आ रहे हैं।














