राजेश कुमार साव
लातेहार: जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने आम नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि रिम्स (RIMS) सहित कई बड़े सरकारी अस्पतालों के आसपास निजी अस्पतालों के दलाल सक्रिय रूप से मरीज़ों को बरगलाने का कार्य कर रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने बताया कि ये दलाल मरीज़ों एवं उनके परिजनों को गुमराह कर निजी अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए दबाव बनाते हैं या दिग्भ्रमित करते हैं ।
आज की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कोमर ग्राम क्षेत्र के एक आदिवासी परिवार के सदस्य को गलत जानकारी देकर, दिग्भ्रमित कर जबरन एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही उपाध्यक्ष जिला परिषद अनीता देवी ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए मरीज़ को वहाँ से निकलवाया और सरकारी अस्पताल रिम्स में उचित इलाज हेतु भिजवाया।
उन्होंने कहा कि, ‘सावधानी ही सुरक्षा और बचाव है। रिम्स एवं अन्य सरकारी अस्पतालों के आसपास घूमने वाले ये दलाल मरीज़ों की मजबूरी का फायदा उठाते हैं। आम जनता को इनके झांसे में आने से बचना चाहिए।’
अनीता देवी ने नागरिकों से अपील की कि सरकारी अस्पतालों में इलाज की बेहतर सुविधाओं का लाभ लें, किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर निजी अस्पतालों में भर्ती न हों, और यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधि दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि सरकारी अस्पताल परिसरों के आसपास सक्रिय दलालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को ठगी और मानसिक उत्पीड़न से बचाया जा सके।
सरकारी अस्पतालों के आसपास सक्रिय दलालों से रहें सावधान : अनीता देवी














