---Advertisement---

मोहम्मदगंज स्टेशन पर गरीब रथ एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, सांसद ने दिखाई हरी झंडी

On: January 24, 2026 9:44 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

पलामू: पलामू जिला अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के मोहम्मदगंज क्षेत्रवासियों के लिए शुक्रवार की रात एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित रेल सुविधा की शुरुआत हो गई। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में 12877/12878 रांची–नई दिल्ली–रांची गरीब रथ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही इस ट्रेन के मोहम्मदगंज स्टेशन पर ठहराव की औपचारिक शुरुआत हो गई।

इस अवसर पर डीडीयू मंडल के रेल अधिकारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता कामेश्वर कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, डॉ. अजय कुमार जायसवाल, विजय कुमार मेहता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और यात्री उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 12877/12878 रांची–नई दिल्ली–रांची गरीब रथ एक्सप्रेस को 23 जनवरी 2026 से प्रायोगिक आधार पर मोहम्मदगंज स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिया गया है। यह ठहराव सोननगर–गढ़वा रोड रेलखंड के अंतर्गत आने वाले मोहम्मदगंज एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा।

रेल समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12877 रांची–नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस रात 22.49 बजे मोहम्मदगंज पहुंचेगी और 22.51 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 12878 नई दिल्ली–रांची गरीब रथ एक्सप्रेस प्रातः 03.36 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 03.38 बजे रवाना होगी।

इस नई रेल सुविधा से अब क्षेत्र के यात्रियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर, नई दिल्ली और रांची जैसे प्रमुख शहरों तक सीधी, सुलभ और सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिलेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ रोजगार, शिक्षा, व्यापार और चिकित्सा जैसी आवश्यकताओं के लिए बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी।

गरीब रथ एक्सप्रेस के ठहराव को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्थानीय लोगों ने सांसद विष्णु दयाल राम एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now