BBL Final: बिग बैश लीग 2025-26 के फाइनल मुकाबले में पर्थ स्कॉर्चर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिडनी सिक्सर्स को 6 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ ही पर्थ स्कॉर्चर्स ने टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया और एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी।
फाइनल मुकाबले में पर्थ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। दमदार गेंदबाजी के सामने सिडनी सिक्सर्स की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। सिडनी की पूरी टीम 20 ओवर में महज 132 रन पर सिमट गई।
सिडनी की पारी रही निराशाजनक
सिडनी सिक्सर्स को अपने ओपनर्स से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन स्टीव स्मिथ और डेनियल हगेस टीम को मजबूत आधार देने में नाकाम रहे। डेनियल हगेस ने 10 गेंदों में सिर्फ 7 रन बनाए, जबकि स्टीव स्मिथ 13 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हो गए।
मध्यक्रम में जोश फिलिप्स और कप्तान मोइसिस हेनरिक्स ने कुछ संघर्ष जरूर दिखाया और दोनों ने 24-24 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नतीजतन सिडनी का स्कोर दबाव में आ गया।
पर्थ के गेंदबाजों का कहर
पर्थ स्कॉर्चर्स की जीत की नींव उनकी घातक गेंदबाजी रही। झाय रिचर्डसन और डेविन पायने ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं माहिल बियर्डमैन ने 2 विकेट चटकाए, जबकि एरॉन हार्डी को 1 सफलता मिली। इन गेंदबाजों ने सिडनी के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।
133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम ने संयमित और समझदारी भरी बल्लेबाजी की। मिचेल मार्श ने अहम भूमिका निभाते हुए 43 गेंदों में 44 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उनके अलावा फिन एलन ने 32 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पर्थ ने 17.3 ओवर में ही 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताब पर कब्जा जमाया।
गेंदबाजी में सिडनी सिक्सर्स की ओर से सीन एबट सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए। मिचेल स्टार्क और जेक एडवर्ड्स को 1-1 विकेट मिला, लेकिन ये प्रयास जीत के लिए काफी नहीं रहे।














