सिडनी: ऑस्ट्रेलिया में 39 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) की तस्करी की कोशिश करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। 32 वर्षीय यह महिला दक्षिण अफ्रीका से सिडनी आ रही थी और उसके पास दो सूटकेस थे।
ऑस्ट्रेलियन बॉर्डर फोर्स के अधिकारियों को उसके सामान पर शक हुआ, जिसके बाद सूटकेस की तलाशी ली गई। जांच में पता चला कि दोनों सूटकेस में करीब 36.7 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 233 करोड़ रुपये) की मेथामफेटामाइन छिपाई गई थी।
पहले सूटकेस में वैक्यूम-सील पैकेटों में 20 किलोग्राम सफेद पाउडर मिला, जबकि दूसरे सूटकेस से 19 किलोग्राम ऐसा ही पाउडर बरामद किया गया। जांच के बाद पुष्टि हुई कि यह पाउडर मेथामफेटामाइन था। कुल मिलाकर 39 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने महिला को हिरासत में ले लिया।
महिला पर सीमा-नियंत्रित ड्रग की व्यावसायिक मात्रा के आयात और व्यावसायिक मात्रा के कब्जे का एक-एक मामला दर्ज किया गया है। इन अपराधों के लिए उसे आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।
बताया गया कि एयरपोर्ट पर अधिकारियों को तब शक हुआ जब एक्स-रे स्कैन में दोनों सूटकेस में असामान्य चीजें दिखाई दीं। AFP ने अपने बयान में कहा, यदि इतनी बड़ी मात्रा में मेथामफेटामाइन ऑस्ट्रेलियाई समुदाय तक पहुंच जाती, तो इसकी अनुमानित स्ट्रीट वैल्यू करीब 36.7 मिलियन डॉलर होती और इससे लगभग 3 लाख 90 हजार स्ट्रीट-लेवल डील्स हो सकती थीं।
पिछले कुछ महीनों में ऑस्ट्रेलिया में कई बड़े ड्रग बस्ट हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सात लोगों पर आरोप लगाए गए हैं और सीमा पर 100 किलोग्राम से अधिक अवैध पदार्थ जब्त किए गए हैं।
क्या है मेथामफेटामाइन?
मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) बहुत ही खतरनाक और स्ट्रॉन्ग ड्रग होता है। इस ड्रग को लेने वालों को इसकी बुरी लत लग जाती है। जो लोग मेथामफेटामाइन ड्रग लेते हैं उनकी नर्वस सिस्टम पर बुरा असर पड़ता है। इसे सिगरेट में भरकर, सूंघकर, गोली की तरह निगलकर और पानी या शराब में घोलकर लिया जाता है। इसकी ओवर डोज से शरीर में जहरीला रिएक्शन होने लगता है जो जानलेवा हो सकता है। इसकी ओवरडोज के कारण स्ट्रोक व हार्ट अटैक आदि हो सकता है। इस ड्रग के कारण दुनियाभर में हर साल हजारों लोगों की मौत हो जाती है।














